Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के बंसा स्थित खूंचीडीह में बंद पड़ी कोहिनूर स्टील कंपनी में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की. करीब सुबह 5 बजे पहुंची ईडी की टीम ने कंपनी परिसर में लगभग आठ घंटे तक जांच-पड़ताल की. इसके बाद टीम वहां से रवाना हो गई.
900 करोड़ रुपये के ऋण से जुड़ा है मामला
मिली जानकारी के अनुसार, कोहिनूर स्टील प्लांट में पावर प्लांट स्थापित करने के नाम पर विभिन्न बैंकों से करीब 900 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था. आरोप है कि इतनी बड़ी राशि का ऋण लेने के बावजूद कंपनी प्रबंधन ने प्रस्तावित पावर प्लांट स्थापित नहीं किया.
इसी मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी. बताया जा रहा है कि शिकायत के आधार पर ही ईडी की टीम ने शुक्रवार को कंपनी परिसर में छापेमारी कर जांच की.
आठ घंटे तक चली जांच, आधिकारिक जानकारी का इंतजार
छापेमारी के दौरान ईडी की टीम ने कंपनी परिसर में विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की. हालांकि, इस कार्रवाई में कौन-कौन से दस्तावेज या साक्ष्य मिले हैं, इसकी जानकारी अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है.
ईडी की ओर से भी छापेमारी को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. करीब आठ घंटे तक चली इस कार्रवाई के बाद अब मामले में ईडी की आगे की जांच और आधिकारिक खुलासे का इंतजार किया जा रहा है.


