Potka Accident News: पोटक के हल्दीपोखर में सोमवार सुबह स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो रिक्शा सड़क पर पलट गया. हादसे में तीन बच्चे घायल हो गए. घटना के बाद अभिभावकों में नाराजगी है. उन्होंने स्कूलों में बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच कराने की मांग की है. जानकारी के मुताबिक, ऑटो हल्दीपोखर मुस्लिम बस्ती से विद्या भारती इंग्लिश स्कूल के बच्चों को लेकर निकला था. मुबारक बस्ती के पास बीच सड़क पर ऑटो पलट गया.
दो बच्चों को आई ज्यादा चोट
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल बच्चों को पास के नर्सिंग होम पहुंचाया. वहां उनका इलाज कराया गया. बताया गया कि तीन बच्चों को चोट लगी है. इनमें से दो को ज्यादा चोटें आई हैं. हालांकि, एक बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
अभिभावकों ने जताई नाराजगी
घटना के बाद अमजद खान समेत अन्य अभिभावकों ने नाराजगी जताई. उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए. अभिभावकों ने आरोप लगाया कि कई निजी स्कूलों में क्षमता से अधिक बच्चों को ऑटो और दूसरे वाहनों में बैठाकर ले जाया जाता है. इससे बच्चों की जान जोखिम में रहती है.
स्कूली वाहनों की जांच की मांग
अभिभावकों ने प्रशासन से निजी स्कूलों में चलने वाले सभी वाहनों की जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि जिन वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र वैध नहीं है, उन्हें सड़क पर चलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए. साथ ही बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई हो. अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन ने समय रहते ध्यान नहीं दिया, तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है.


