Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के युवाओं के लिए रोजगार के अच्छे अवसर सामने आए हैं. जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर में 27 और 30 अक्टूबर को रोजगार शिविर लगाए गए. इनमें इंटरव्यू के बाद 55 अभ्यर्थियों को अलग-अलग पदों पर नियुक्ति के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है. इन युवाओं को सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर, गुजरात, पुणे और चेन्नई स्थित प्रतिष्ठानों में नौकरी का अवसर मिल सकता है.
पांच कंपनियों ने लिया इंटरव्यू
रोजगार शिविर में पांच नियोजक संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए. इनमें रामकृष्णा कास्टिंग सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, ए.के. इंटरप्राइजेज, युवा शक्ति फाउंडेशन और यूनिक सॉल्यूशन शामिल हैं. इन संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया. इसके बाद शुरुआती चयन प्रक्रिया में 55 योग्य उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया.
इन पदों पर मिलेगा नौकरी का मौका
शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को कई तरह के पदों के लिए चुना गया है. इनमें ट्रेनी, सीएनसी मशीन ऑपरेटर, जनरल फिटर, मार्केटिंग असिस्टेंट, एमआईजी वेल्डर और गैस वेल्डर के पद शामिल हैं. इसके अलावा फैब्रिकेटर, प्लाज्मा सीएनसी रोबो ऑपरेटर, वीएमसी ऑपरेटर, टर्नर मशीनिस्ट और फोर्कलिफ्ट मशीन ऑपरेटर के पदों के लिए भी उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है.
युवाओं से नियोजनालय में रजिस्ट्रेशन की अपील
जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मैक्सीमा लकड़ा ने बताया कि युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार देने के लिए समय-समय पर रोजगार शिविर और मेले लगाए जाते हैं. उन्होंने युवाओं से जिला नियोजनालय में अपना निबंधन कराने की अपील की. साथ ही भविष्य में होने वाले रोजगार शिविरों में शामिल होकर अवसरों का लाभ उठाने को कहा.
रोजगार शिविर में शामिल होना पूरी तरह मुफ्त
जिला नियोजन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नियोजनालय की ओर से आयोजित रोजगार शिविर और नियोजन संबंधी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क हैं. इसके लिए अभ्यर्थियों को किसी भी स्तर पर कोई शुल्क नहीं देना है. शिविर के आयोजन में जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मैक्सीमा लकड़ा, मॉडल कैरियर सेंटर के वाई.पी. रवि प्रकाश सिंह, रमण कुमार, सुजीत सरदार और नियोजनालय के अन्य कर्मियों की भूमिका रही. संबंधित कंपनियों के एचआर प्रतिनिधि भी मौजूद थे.


