Seraikela Big Breaking: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला ने एक सिपाही पर थाना परिसर के अंदर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कार्रवाई की है. थाना प्रभारी संजय प्रसाद समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. वहीं, आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है.
शिकायत लेकर थाने पहुंची थी महिला
जानकारी के अनुसार, गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला गुरुवार को पारिवारिक विवाद से परेशान होकर शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची थी. महिला का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात सिपाही नीरज लकड़ा उसे थाना परिसर के एक कमरे में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई शुरू हुई.
एसडीपीओ के नेतृत्व में SIT गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) बनाया गया है. शुक्रवार देर रात एसडीपीओ पुलिस टीम के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे. जांच के लिए घटनास्थल वाले कमरे को सील कर दिया गया, ताकि वहां से साक्ष्य जुटाए जा सकें.
थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
इस मामले में लापरवाही और कर्तव्यहीनता के आरोप में चार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है. निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय शामिल हैं. वहीं, आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है.
FIR दर्ज, जांच जारी
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी अन्य की भूमिका या लापरवाही रही है या नहीं. एसडीपीओ ने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.


