Sahara Refund: सहारा इंडिया में पैसा जमा करने वाले निवेशकों के लिए राहत की खबर है. लंबे समय से रिफंड का इंतजार कर रहे लोग अब CRCS-सहारा रिफंड पोर्टल के जरिए दोबारा आवेदन कर सकते हैं. सरकार ने सहकारिता मंत्रालय के माध्यम से पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी है. निवेशक घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से अपना क्लेम जमा कर सकते हैं. इसके लिए किसी एजेंट या दलाल की मदद लेने की जरूरत नहीं है.
इन चार सहकारी समितियों के निवेशक कर सकते हैं आवेदन
यह रिफंड व्यवस्था सहारा समूह की चार सहकारी समितियों के पात्र जमाकर्ताओं के लिए है.
सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड
सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसाइटी लिमिटेड
हमारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड
स्टार्स मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड
फिलहाल 50 हजार रुपये तक रिफंड
मौजूदा व्यवस्था के अनुसार, जिन निवेशकों के दावों का सत्यापन पूरा हो चुका है, उन्हें शुरुआती चरण में अधिकतम 50 हजार रुपये तक दिए जा रहे हैं. रिफंड की राशि सीधे पात्र निवेशक के बैंक खाते में भेजी जाती है.
अब तक 9,267 करोड़ रुपये का भुगतान
दिए गए आंकड़ों के अनुसार, इस पोर्टल के जरिए अब तक 41.56 लाख से अधिक जमाकर्ताओं को कुल 9,267 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है. पोर्टल दोबारा शुरू होने से करीब 20 लाख लंबित आवेदनों के निपटारे की उम्मीद है. आवेदन करने के लिए सहकारिता मंत्रालय की ओर से कोई शुल्क नहीं लिया जाता है.
घर बैठे ऐसे करें रिफंड के लिए आवेदन
निवेशक नीचे दिए गए तरीके से अपना क्लेम जमा कर सकते हैं.
पोर्टल खोलें: सबसे पहले आधिकारिक CRCS-सहारा रिफंड पोर्टल पर जाएं.
लॉगिन करें: आधार के अंतिम चार अंक और आधार से जुड़े मोबाइल नंबर की मदद से OTP के जरिए लॉगिन करें.
जानकारी भरें: अपनी सदस्यता संख्या, खाता संख्या और जमा की गई रकम का विवरण दर्ज करें.
दस्तावेज अपलोड करें: सहारा पासबुक या जमा रसीद की साफ कॉपी अपलोड करें.
आवेदन जमा करें: सभी जानकारी जांचने के बाद अपना क्लेम सबमिट कर दें
आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
आवेदन के लिए आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर जरूरी है. बैंक खाता भी आधार से लिंक होना चाहिए. दावा जमा करने के बाद दस्तावेजों और जानकारी का सत्यापन किया जाएगा. इसके बाद पात्र पाए जाने पर रिफंड की राशि आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाएगी.


