Palamu Crime News: झारखंड के पलामू जिले में नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना उंटारी रोड थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश दीक्षित, अभय दीक्षित और सुबोध दीक्षित के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल किए गए दो टोटो और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
29 अक्टूबर की रात हुई घटना
पुलिस के अनुसार, घटना 29 अक्टूबर की रात की है. पीड़िता अपने प्रेमी से मिलने उंटारी रोड आई थी. प्रेमी के नहीं मिलने पर वह टोटो से घर लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में अंधेरे का फायदा उठाकर तीनों आरोपियों ने कथित रूप से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.
शिकायत के बाद पुलिस ने की छापेमारी
पीड़िता की ओर से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल और इंस्पेक्टर सोनू चौधरी के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई. टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दो टोटो और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता में गिरफ्तारी की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मामले में BNS, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.


