Kharsawan Crime News: खरसावां में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. उसके पास से लोडेड देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद हुआ है. पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है. यह कार्रवाई +2 हाई स्कूल के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान की गई.
तलाशी में मिले हथियार और कारतूस
जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इलाके में संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम ने +2 हाई स्कूल के पास एक संदिग्ध युवक को रोका. तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोडेड अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक धारदार चाकू मिला. पुलिस ने उसके पास से नीले रंग का सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया. इसके अलावा JH05A-0678 नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई.
रायजामा का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार युवक की पहचान रायजामा निवासी 30 वर्षीय दुबु सरदार के रूप में हुई है. वह श्याम सुंदर सरदार का बेटा है. खरसावां थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक हरेन्द्र प्रसाद सिंह के लिखित आवेदन पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-A)a/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस टीम में ये अधिकारी थे शामिल
इस कार्रवाई में सरायकेला अंचल के पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू, थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह और सहायक अवर निरीक्षक हरेन्द्र प्रसाद सिंह शामिल थे. इसके अलावा हवलदार अजय कुजूर, आरक्षी सनातन महतो और आरक्षी महेश रविदास ने भी कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई.


