Gamharia News: गम्हरिया थाना में इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने नए थाना प्रभारी के रूप में पदभार संभाल लिया है. रविवार को एसपी मनोज स्वर्गीयारी की मौजूदगी में उन्होंने औपचारिक रूप से योगदान दिया. गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पुलिस विभाग में बड़ा बदलाव किया गया है. एसपी ने राजेश टुडू को थाने की जिम्मेदारी सौंपी है.
महिलाओं की सुरक्षा होगी प्राथमिकता
पदभार संभालने के बाद नए थाना प्रभारी राजेश टुडू ने कहा कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने खास तौर पर महिलाओं की सुरक्षा और आम लोगों का पुलिस पर भरोसा फिर से कायम करने की बात कही.
दुष्कर्म कांड के बाद छह पुलिसकर्मी निलंबित
गौरतलब है कि घरेलू विवाद की शिकायत लेकर गम्हरिया थाना पहुंची एक महिला ने थाना परिसर के अंदर ही दुष्कर्म का आरोप लगाया था. मामले में आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की गई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने तत्कालीन थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया था.
पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का दिया संदेश
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुलिसकर्मियों के किसी भी तरह के कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है. नए थाना प्रभारी के सामने अब क्षेत्र में कानून-व्यवस्था संभालने के साथ लोगों का भरोसा बहाल करने की भी चुनौती होगी.


