Bokaro Crime News: बोकारो में हत्या के एक पुराने मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सिटी थाना की पुलिस ने 15 साल से फरार चल रहे आरोपी डॉक्टर पूर्ति को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी सिटी थाना क्षेत्र के दुगल गेट हटिंग बस्ती से हुई है. वह इसी इलाके का रहने वाला है.
2011 में हुई थी खेमरा लुगुन की हत्या
मामला साल 2011 का है. सिटी थाना क्षेत्र के हटिंग बस्ती में खेमरा लुगुन की हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद खासु लुगुन ने सिटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस ने कांड संख्या 499/2011 के तहत मामला दर्ज किया था. इसमें डॉक्टर पूर्ति को आरोपी बनाया गया था.
कोर्ट ने जारी किया था लाल वारंट
मामले में आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था. इस बीच न्यायालय ने उसके खिलाफ लाल वारंट यानी स्थायी वारंट जारी किया था. सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को समकालीन अभियान के दौरान आरोपी के बारे में सूचना मिली. इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है.


