Jamshedpur News: जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अब रेडियोलॉजी जांच की सुविधा बेहतर होगी. इसके लिए झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने करीब 2 करोड़ रुपये जारी किए हैं. इस राशि से अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग के लिए चार नई मशीनें खरीदी जाएंगी. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभाग ने कुल 1 करोड़ 99 लाख 99 हजार रुपये आवंटित किए हैं. इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने आदेश जारी किया है.\
इन चार मशीनों की होगी खरीद
जारी आदेश के अनुसार, अस्पताल में चार तरह की मशीनें लगाई जाएंगी.
फ्लोरोस्कोपी वाली एक्स-रे मशीन: इसके लिए 1 करोड़ 39 लाख रुपये तय किए गए हैं.
कलर डॉप्लर वाली यूएसजी मशीन: इसकी कीमत 44 लाख रुपये होगी.
पोर्टेबल एक्स-रे मशीन: 2.50 लाख रुपये की दर से दो मशीनें खरीदी जाएंगी. इन पर कुल 5 लाख रुपये खर्च होंगे.
कंप्यूटेड रेडियोग्राफी मशीन: इसके लिए 11.99 लाख रुपये दिए जाएंगे. इसके साथ ड्राई इमेजर भी मिलेगा.
मेडिकल छात्रों को भी मिलेगा फायदा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मशीनों की खरीद राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के तय मानकों के अनुसार होगी. इनका इस्तेमाल मरीजों की जांच के साथ मेडिकल छात्रों की पढ़ाई और प्रशिक्षण में भी किया जाएगा. इससे पीजी और यूजी के छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा. नई मशीनें आने से अस्पताल में रेडियोलॉजी से जुड़ी जांच की सुविधाएं बढ़ेंगी.
ई-टेंडरिंग से होगी मशीनों की खरीद
मशीनों की खरीद खुली निविदा, ई-टेंडरिंग या जेम पोर्टल के जरिए की जाएगी. विभाग ने प्रतिष्ठित कंपनियों से ही मशीनें खरीदने का निर्देश दिया है. मशीनों की गुणवत्ता की जिम्मेदारी अस्पताल अधीक्षक की होगी. साथ ही पूरी खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता रखनी होगी. विभाग ने साफ किया है कि मशीनों की खरीद पर तय बजट से अधिक खर्च नहीं किया जा सकेगा.


