Jamshedpur News: MGM अस्पताल से होमगार्ड जवानों को हटाने के आदेश के खिलाफ विरोध तेज हो गया है. झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने इस फैसले को वापस लेने की मांग की है. एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि जवानों को हटाया गया तो आंदोलन किया जाएगा और झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा. इस मुद्दे पर रविवार, 1 नवंबर को आम बागान मैदान में एसोसिएशन की आम सभा हुई. इसमें जमशेदपुर जिले के सैकड़ों होमगार्ड जवान शामिल हुए.
जवानों ने एकजुट होकर जताया विरोध
सभा की अध्यक्षता जमशेदपुर जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा सिंह ने की. संचालन कोल्हान सचिव विनय सिंह ने किया. मौके पर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी, चाईबासा जिला अध्यक्ष चरण चातर, सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष प्रकाश पूर्ति और जमशेदपुर जिला महिला प्रतिनिधि रामेश्वरी कालिंदी मौजूद रहीं. सभा में जवानों ने स्वास्थ्य मंत्री के उस आदेश का विरोध किया, जिसमें MGM अस्पताल से होमगार्ड जवानों को हटाने की बात कही गई है. उन्होंने कहा कि वे इस फैसले को स्वीकार नहीं करेंगे.
बोले- जवानों के परिवार पर पड़ेगा असर
प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने स्वास्थ्य मंत्री से फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की. उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवान झारखंड के ही रहने वाले हैं. इनमें से ज्यादातर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं. अस्पताल से हटाए जाने पर उनके सामने रोजगार और परिवार चलाने का संकट खड़ा हो सकता है. उन्होंने सरकार से जवानों के परिवारों की आजीविका और भविष्य को ध्यान में रखने की मांग की.
हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
जमशेदपुर जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा सिंह ने कहा कि अगर जवानों को MGM अस्पताल से हटाया गया तो एसोसिएशन झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि फैसले के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा.
रोजगार और अधिकारों की रक्षा का संकल्प
आम सभा में शामिल जवानों ने एकजुट होकर अपने रोजगार, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया. एसोसिएशन ने साफ कहा कि होमगार्ड जवानों की रोजी-रोटी से जुड़ा यह मामला है. उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो विरोध जारी रहेगा.


