Adityapur: आदित्यपुर में किया शोरूम के बगल स्थित उत्कल कंपनी में काम करने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय वेल्डर इरशाद आलम की मौत हो गई. मंगलवार शाम काम के दौरान एक भारी पाइप उनके सिर पर गिर गया था. गंभीर रूप से घायल इरशाद ने बुधवार शाम टीएमएच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
काम के दौरान सिर पर गिरा भारी पाइप
मिली जानकारी के अनुसार, कपाली के अंसार नगर निवासी इरशाद आलम उत्कल कंपनी में वेल्डर का काम करते थे. मंगलवार शाम वह कंपनी परिसर में काम कर रहे थे. इसी दौरान एक बड़े वाहन में लदे सामान के बीच से भारी पाइप नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में इरशाद आ गए.
पाइप सिर पर गिरने से उन्हें गंभीर चोट लगी. हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार शाम उनकी मौत हो गई.
दो महीने से कंपनी में कर रहे थे काम
बताया जा रहा है कि इरशाद पिछले दो महीने से उत्कल कंपनी में काम कर रहे थे. वह सात भाइयों में छठे नंबर पर थे. उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिवार ने की उचित मुआवजे की मांग
हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से उचित मुआवजा देने की मांग की है. हालांकि, मुआवजे को लेकर कंपनी की ओर से अब तक कोई स्पष्ट निर्णय सामने नहीं आया है. कंपनी ने परिजनों से बातचीत कर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है.
फिलहाल परिवार को कंपनी प्रबंधन के फैसले का इंतजार है. हादसे में जान गंवाने वाले इरशाद आलम के परिजनों को कितना मुआवजा मिलेगा, यह बातचीत के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
एमजीएम अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया
इरशाद आलम के शव का एमजीएम अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया जारी है. इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.


