Bokaro Gangrape Case: बोकारो जिले में 29 मई की शाम एक महिला के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस सक्रिय हुई और पीड़िता के बयान के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पीड़िता और उसके पति को घर छोड़ने के बहाने चार युवकों ने एक टोटो में बिठाया और सेक्टर-12 स्थित एक खंडहरनुमा स्कूल में ले जाकर पति को बंधक बना लिया। इसके बाद चारों ने बारी-बारी से महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
इस गंभीर अपराध के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बोकारो एसपी हरबिंदर सिंह के निर्देश पर सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए विशाल कुमार, कृष्णा कुमार, अजय कुमार और साहिल कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
चारों आरोपी बोकारो के ही निवासी हैं और 18 से 22 वर्ष की आयु वर्ग के हैं।पुलिस की इस कार्रवाई में सिटी डीएसपी आलोक रंजन, थाना प्रभारी सुभाष चंद्र सिंह समेत सेक्टर 12, बीएस सिटी, सेक्टर 4, 6 के कई थाना प्रभारी और जवानों ने भाग लिया। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और आमजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन ने पीड़िता को मेडिकल जांच और विधिक सहायता उपलब्ध कराई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।