Palamu News: JETET परीक्षा के दौरान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक पुलिस जवान की लापरवाही सामने आई है. मेदिनीनगर के रेडमा इलाके में तैनात जवान संजीव तिवारी की सरकारी SLR राइफल अचानक गायब हो गई. संजीव तिवारी नवगढ़ा OP में पदस्थापित हैं. हथियार गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई.
चोरी की बताई थी बात
शुरुआत में जवान ने अधिकारियों को बताया कि उसकी राइफल गाड़ी से चोरी हो गई है. हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब जांच शुरू की, तो मामला कुछ और निकला. कई घंटों की तलाश के बाद सरकारी SLR राइफल जवान के एक रिश्तेदार के घर से बरामद हुई. हथियार घर के अंदर सोफे के नीचे रखा मिला.
SP ने मांगी जांच रिपोर्ट
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. उन्होंने बिश्रामपुर SDPO चिरंजीवी मंडल से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. जवान संजीव तिवारी को निलंबित कर दिया गया है. पुलिस के मुताबिक, अधिकारियों को गलत जानकारी देने और ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है.
जवान का होगा मेडिकल परीक्षण
पुलिस जवान की उस समय की मानसिक स्थिति का पता लगाने के लिए उसका मेडिकल परीक्षण भी करा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


