Jamshedpur News: झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ. करीब 10 साल बाद राज्य में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) आयोजित की जा रही है. इस बार परीक्षा में करीब 5.65 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी. सरायकेला और जमशेदपुर के परीक्षा केंद्रों पर भी लंबी कतारें देखने को मिलीं. कई अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ दूर-दराज के इलाकों से परीक्षा देने पहुंचे.
राज्यभर में बनाए गए 986 परीक्षा केंद्र
JTET के आयोजन के लिए पूरे झारखंड में 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. सभी केंद्रों पर परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों की भीड़ रही. सरायकेला और जमशेदपुर में भी सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर गहमागहमी रही. अभ्यर्थियों को छोड़ने के लिए उनके परिजन भी केंद्रों तक पहुंचे.
सुरक्षा के लिए तैनात किए गए पुलिस जवान
परीक्षा को देखते हुए सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. हालांकि, कुछ परीक्षा केंद्रों के अंदर पुलिस जवान नजर आए, लेकिन बाहर की सुरक्षा व्यवस्था में कमी देखी गई.
10 साल बाद परीक्षा होने से अभ्यर्थियों में उत्साह
JTET का आयोजन लंबे समय बाद होने से अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा काफी अहम है. इससे पहले वर्ष 2016 के आसपास यह परीक्षा आयोजित हुई थी. इस बार 5.65 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने से परीक्षा का बड़ा स्तर भी सामने आया है.


