Jamshedpur News: जमशेदपुर में भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा आगामी दिनों में झारखंड के हर जिले में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाएगी. इसमें आम जनता की भागीदारी भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा. जमशेदपुर में भाजपा की बैठक के दौरान आदित्य साहू ने दिल्ली में कांग्रेस की प्रस्तावित रैली को लेकर निशाना साधा. उन्होंने इस रैली को ‘माफिया और दलालों का आंदोलन’ बताया.
चुनाव में हार को लेकर कांग्रेस पर हमला
आदित्य साहू ने कहा कि हाल के दिनों में देश के कई हिस्सों में बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनावों में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है. उनका दावा है कि चुनाव परिणामों से साफ है कि जनता कांग्रेस के आरोपों और दावों पर भरोसा नहीं कर रही है. उन्होंने कहा कि देश के लोग कांग्रेस के कथित झूठे प्रपंच में फंसने को तैयार नहीं हैं.
हर जिले में आंदोलन करेगी भाजपा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ पार्टी अब ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ आंदोलन शुरू करेगी. इसके तहत आने वाले दिनों में राज्य के प्रत्येक जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. भाजपा आम लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने की तैयारी कर रही है. जमशेदपुर की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामने इस अभियान की घोषणा की.


