Seraikela News: सरायकेला-खरसावां में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई की है. शनिवार, 31 अक्टूबर को राजनगर मोड़ के पास जांच के दौरान गिट्टी लदा एक हाइवा पकड़ा गया. वाहन पर अवैध रूप से गिट्टी ले जाने का मामला सामने आने के बाद उसे जब्त कर लिया गया. हाइवा का रजिस्ट्रेशन नंबर JH05DV9174 है. आगे की कार्रवाई के लिए वाहन को सरायकेला थाना के सुपुर्द कर दिया गया है.
वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया हाइवा
यह कार्रवाई उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर की गई. जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध भंडारण व परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत खान निरीक्षक ने राजनगर मोड़ के पास वाहनों की जांच की. इस दौरान गिट्टी लदा हाइवा पकड़ा गया.
अवैध खनन पर आगे भी होगी कार्रवाई
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने साफ कहा है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के भंडारण और परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ नियम के अनुसार कार्रवाई होगी. वहीं, जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए आगे भी नियमित जांच और कार्रवाई जारी रहेगी.


