Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिरसानगर में पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. संयुक्त टीम ने एक किराए के फ्लैट में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 102 एटीएम और डेबिट कार्ड समेत बड़ी संख्या में सामान बरामद किया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी GET&ID ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे.
किराए के फ्लैट से चल रहा था ठगी का नेटवर्क
यह कार्रवाई बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुँगरी टोला, ओम नगर, रोड नंबर दो स्थित एक किराए के फ्लैट में की गई. रामगढ़ साइबर थाना में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान पुलिस को इस ठिकाने की जानकारी मिली थी. इसके बाद जमशेदपुर पुलिस और रामगढ़ साइबर थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया.
पहले जीत का लालच, फिर लाखों की ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपी GET&ID नाम के ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. शुरुआत में कम पैसे लगाकर बड़ा इनाम जीतने का लालच दिया जाता था. जब लोग गेम में पैसे हारने लगते थे, तो उन्हें नुकसान की भरपाई के लिए और रकम लगाने को कहा जाता था. इस तरह कई लोग लाखों रुपये गंवा बैठते थे. ठगी से मिले पैसे फर्जी बैंक खातों में भेजे जाते थे. इसके बाद एटीएम कार्ड के जरिए नकदी निकालकर रकम को ठिकाने लगाया जाता था.
पांच आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एम. भानु प्रकाश, मो. फरहान, राहुल मिंज, अभिषेक राज और श्रवण सोना के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, सभी जमशेदपुर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं.
लैपटॉप से लेकर 102 ATM कार्ड तक बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं. बरामद सामान में पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 67 सिम कार्ड और अलग-अलग बैंकों के 102 एटीएम व डेबिट कार्ड शामिल हैं. इसके अलावा नौ बैंक पासबुक, चार रजिस्टर और नोटबुक, तीन लैपटॉप चार्जर, एक वाई-फाई राउटर, एक लैन केबल और छह मोबाइल चार्जर भी मिले हैं. पुलिस ने 8,440 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है.
गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गिरोह के तार किन-किन इलाकों से जुड़े हैं और ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर कितने लोगों से ठगी की गई है. इस मामले में जमशेदपुर के ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने जानकारी दी है.


