Jamshedpur News: जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की कमी पर ABVP ने सौंपा ज्ञापन, समाधान नहीं होने पर विश्वविद्यालय घेराव की चेतावनी

Jamshedpur: जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. शुक्रवार, 30 अक्टूबर को ABVP की जमशेदपुर महानगर इकाई ने कॉलेज के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर छात्रों की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की.

Facebook
X
WhatsApp

Jamshedpur: जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. शुक्रवार, 30 अक्टूबर को ABVP की जमशेदपुर महानगर इकाई ने कॉलेज के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर छात्रों की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की.

परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समस्याओं पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर कोल्हान विश्वविद्यालय का घेराव भी किया जाएगा.

पेयजल से लेकर शौचालय तक की समस्याएं उठाईं

कॉलेज अध्यक्ष हर्षित आनंद के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि परिसर में बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण छात्र-छात्राओं को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

ABVP ने खराब पड़े वाटर कूलर और प्यूरीफायर की मरम्मत कराने के साथ जरूरत के अनुसार नए उपकरण लगाने की मांग की है. वहीं, छात्र-छात्राओं के शौचालयों की नियमित सफाई, पानी की उपलब्धता और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई है.

कक्षाओं और लाइब्रेरी की व्यवस्था सुधारने की मांग

परिषद ने कक्षाओं में खराब पंखे, ट्यूबलाइट और टूटे बेंच-डेस्क की मरम्मत कराने की मांग की है. इसके अलावा पुस्तकालय में नई शिक्षा नीति (NEP) और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित नवीनतम पुस्तकें उपलब्ध कराने तथा रीडिंग रूम को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है.

ज्ञापन में कॉलेज परिसर की सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी गार्ड तैनात करने और छात्राओं के लिए सुरक्षित कॉमन रूम बनाने की मांग भी शामिल है. साथ ही प्रायोगिक विषयों के लिए आधुनिक लैब और खेलकूद गतिविधियों के आयोजन की आवश्यकता बताई गई है.

75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य करने की मांग

ABVP ने कॉलेज में पढ़ाई का माहौल बेहतर बनाने के लिए सभी छात्र-छात्राओं की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य करने की मांग की है. परिषद का कहना है कि इससे विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.

समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

ABVP के जमशेदपुर महानगर मंत्री अभिषेक कुमार ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं की कमी केवल एक कॉलेज तक सीमित नहीं है. विद्यार्थी परिषद शहर के अन्य कॉलेजों में भी ज्ञापन सौंपकर छात्रों की समस्याओं को प्रशासन के सामने रखेगी.

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद लगातार छात्र हित में काम कर रही है और छात्रों की समस्याओं को कॉलेज प्रशासन तक पहुंचाती रहेगी. यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो परिषद उग्र आंदोलन करेगी. उन्होंने कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन को भी चेतावनी देते हुए कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर विश्वविद्यालय का घेराव किया जाएगा.

TAGS
digitalwithsandip.com