weather Update/ रांची: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 8 और 9 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, वज्रपात और आंधी की चेतावनी दी है। इसे देखते हुए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं।
विभाग ने जानकारी दी है कि 10 अप्रैल से मौसम में सुधार होने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार 8 अप्रैल को उत्तरी और पूर्वी झारखंड के कई जिलों—गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, गोड्डा, दुमका, पाकुड़ और साहिबगंज—में वज्रपात और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में संभावित हल्की से मध्यम बारिश और आंधी को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।राजधानी रांची सहित गुमला, लोहरदगा, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने की संभावना है।
9 अप्रैल को भी कुछ जिलों में मौसम का असर जारी रहेगा और वज्रपात के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
लोगों से अपील की गई है कि वे सावधानी बरतें, खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों। किसान भी फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं।