Jamshedpur: चक्रवात ‘अर्णव’ और भारी बारिश की चेतावनी के बीच पूर्वी सिंहभूम जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को कक्षा 12वीं तक पठन-पाठन स्थगित रहेगा.
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन का फैसला
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की ओर से झारखंड के विभिन्न जिलों में चक्रवात ‘अर्णव’ (Cyclone Arnab) और भारी बारिश की आशंका जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
पूर्वी सिंहभूम जिले को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखते हुए तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की गई है. इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों में कक्षाएं स्थगित रखने का आदेश जारी किया है.
सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा आदेश
आदेश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी विद्यालयों, गैर सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों, अल्पसंख्यक विद्यालयों और सभी निजी स्कूलों में प्रवेश वर्ग से लेकर कक्षा 12वीं तक पठन-पाठन 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेगा.
हालांकि, जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां परीक्षा आयोजित करने को लेकर विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकता है.
शिक्षकों को स्कूल में रहना होगा उपस्थित
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों में विद्यार्थियों की कक्षाएं स्थगित रहेंगी, लेकिन शिक्षकों और शिक्षिकाओं को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा.
यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत जारी किया गया है. इसका उद्देश्य खराब मौसम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.


