Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र की केबुल बस्ती में बुधवार को आग लगने से एक मकान का घरेलू सामान जलकर राख हो गया. आग लाइन नंबर तीन स्थित एक खपरैल मकान में लगी थी. लपटें तेजी से फैलने के कारण घर में रखा सामान निकालने का मौका नहीं मिला. आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और अग्निशमन विभाग को सूचना दी.
तीन दमकल गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की एक बड़ी और दो छोटी दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इससे आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया.
शकुंतला देवी का बताया जा रहा मकान
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग से प्रभावित मकान शकुंतला देवी का है. उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है. घर का सामान जल जाने से परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की परेशानी खड़ी हो गई है. शुरुआती जानकारी में गैस लीकेज के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, आग लगने की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पीड़ित परिवार के लिए सहायता की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की है. लोगों ने नुकसान का आकलन कर नियमानुसार राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की अपील की है. राहत की बात यह है कि आग की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा.


