New Year Vigil: जमशेदपुर पुलिस ने नए साल के मौके पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कानून बनाए रखने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि शहर के संवेदनशील इलाकों में 32 चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जिनकी निगरानी डीएसपी रैंक के अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
एसपी ने कहा कि मंगलवार से ही सभी पुलिस पदाधिकारी अपनी-अपनी ड्यूटी पर तैनात होंगे। इस दौरान विशेष रूप से ड्रंक एंड ड्राइविंग, रैश ड्राइविंग और हुड़दंग करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
एसपी कुमार शिवाशीष ने शहरवासियों को चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई शहर की सुरक्षा और नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
सिटी एसपी ने शहरवासियों से नए साल का जश्न शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की और सभी को नए वर्ष की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह अभियान शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नए साल को सुरक्षित माहौल में मनाने के लिए है।


