Seraikela News: डोबो नदी के किनारे जंगल और झाड़ियों के बीच चल रहे अवैध महुआ शराब के धंधे पर पुलिस ने कार्रवाई की है. कपाली ओपी पुलिस ने छापेमारी कर करीब 3400 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट कर दिया. कार्रवाई के दौरान शराब बनाने के लिए बनाई गई मिट्टी की भट्ठियों और चूल्हों को भी तोड़ा गया. पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद कारोबारी फरार हो गए.
जमीन में गाड़कर रखे गए थे ड्रम
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डोबो नदी के आसपास सुनसान जगहों पर बड़े पैमाने पर देसी महुआ शराब बनाई जा रही है. इसके बाद कपाली ओपी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अचानक छापेमारी की. मौके पर जमीन में गाड़े गए बड़े-बड़े ड्रम मिले. इनमें जावा महुआ सड़ाया जा रहा था. शराब बनाने के लिए मिट्टी की भट्ठियां और चूल्हे भी तैयार किए गए थे. पुलिस ने ड्रमों को पलटकर जावा महुआ नष्ट कर दिया. इसके साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन, पाइप और अन्य सामान को भी जब्त कर नष्ट किया गया.
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस के पहुंचते ही शराब बना रहे कारोबारी जंगल और नदी के रास्ते भाग निकले. मौके पर किसी की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं दी गई है. ओपी प्रभारी ने बताया कि इलाके में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. नदी किनारे और सुनसान जगहों पर चल रहे ऐसे अड्डों की पहचान कर आगे भी कार्रवाई की जाएगी.


