Jamshedpur News: जमशेदपुर में आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है. इसी कड़ी में पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने अलग-अलग चेकिंग प्वाइंट और चेक नाकों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान SSP ने अपनी मौजूदगी में एंटी क्राइम चेकिंग भी कराई. उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए.
जांच के दौरान लोगों से शालीनता से पेश आने का निर्देश
SSP ने पुलिसकर्मियों से कहा कि चेकिंग के दौरान आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार करें. साथ ही तय सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सतर्कता से जांच करें. उन्होंने त्योहारों के दौरान सुरक्षा बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया.
‘
पुलिस केंद्र में शनिवार को होगी मॉक ड्रिल
आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारी के तहत शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को गोलमुरी स्थित पुलिस केंद्र में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी. यह अभ्यास दोपहर 3 बजे पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में होगा. इसके जरिए आपातकालीन हालात में पुलिस की तैयारी और तेजी से कार्रवाई करने की क्षमता को परखा जाएगा. पुलिस प्रशासन ने मॉक ड्रिल में शामिल होने के लिए पत्रकारों को भी आमंत्रित किया है. पर्व-त्योहारों से पहले पुलिस की बढ़ती सक्रियता का उद्देश्य शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और लोगों के बीच सुरक्षित माहौल बनाए रखना है.


