Jamshedpur: जमशेदपुर के बर्मामाइंस धोबी घाट के प्रांगण में वर्ष 1970 से संगम बॉयज क्लब के द्वारा भव्य रूप से सरस्वती पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष यह पावन आयोजन अपने 55वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है, जिसे और भी धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं की अपार आस्था और भक्ति के साथ, क्लब के सदस्यों ने माता सरस्वती की भव्य प्रतिमा की स्थापना कर पूरे विधि-विधान से पूजन अर्चन किया।
पूजा के उपलक्ष्य में पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से माहौल भक्तिरस से सराबोर हो गया। समिति के समर्पित सदस्यों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। माता सरस्वती की कृपा से संगम बॉयज क्लब के सभी छात्र-छात्राएं आज प्रतिष्ठित संस्थानों और उच्च पदों पर कार्यरत हैं, जो इस आयोजन की विशेषता को और भी बढ़ाता है।
भक्तों के लिए विशेष रूप से महा भोग का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 1000 लोगों ने श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता और सेवा भाव की झलक देखने को मिली। समिति के सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में भी यह पूजा और अधिक भव्यता से आयोजित की जाएगी।
माता रानी की कृपा से यह परंपरा निरंतर आगे बढ़े और सभी पर मां सरस्वती का आशीर्वाद बना रहे, यही कामना है।