Ram Lalla Surya Tilak/अयोध्या : रामनवमी के पावन अवसर पर पूरी रामनगरी भक्ति और उल्लास के रंग में रंगी नजर आई। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर आज अयोध्या में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।
दोपहर 12 बजे जैसे ही भगवान राम का जन्मोत्सव आरंभ हुआ, पूरा वातावरण जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।सुबह 9:30 बजे श्रीराम लला का विशेष अभिषेक हुआ, जो एक घंटे तक चला।

इसके बाद उनका अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसमें सोने-चांदी के आभूषणों के साथ पारंपरिक वस्त्रों से उन्हें सजाया गया। श्रद्धालुओं की आंखें उस समय भावविभोर हो उठीं जब रामलला को सूर्य की किरणों से तिलक किया गया।
सूर्य तिलक का यह दृश्य पूरे विश्व में लाइव प्रसारित किया गया, जिसे लाखों श्रद्धालुओं ने देखा और अनुभव किया।अयोध्या के मंदिरों में विशेष आरती, भजन-संध्या और शोभायात्राओं का आयोजन किया गया।
सुरक्षा के कड़े इंतज़ामों के बीच हर आयु वर्ग के श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए। रामनवमी का यह आयोजन अयोध्या को एक बार फिर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना के केंद्र में ले आया।