PoK Reclamation/जमशेदपुर: कोल्हान के पूर्व आयुक्त और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विजय कुमार सिंह ने हाल ही में देश में हुई जघन्य साजिश पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अब भारत को साहसिक और निर्णायक कार्रवाई का मार्ग अपनाना चाहिए।
विजय कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत को उस देश के साथ अपने राजनयिक संबंध तुरंत समाप्त कर देने चाहिए, जो इस साजिश के लिए जिम्मेदार है। साथ ही उन्होंने मांग की कि साजिश में संलिप्त सभी अपराधियों को कठोरतम सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई भारत विरोधी गतिविधियों का दुस्साहस न कर सके।
उन्होंने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में खुफिया तंत्र की विफलता को भी गंभीरता से लेते हुए कहा कि दोषियों की जवाबदेही तय करना आवश्यक है ताकि आने वाले समय में ऐसी चूक दोहराई न जाए।विजय कुमार सिंह ने भारत को गुलाम कश्मीर को वापस पाने के लिए हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने का आह्वान किया, चाहे इसके लिए युद्ध क्यों न करना पड़े।
उन्होंने इसे अखंड भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि भारत को विश्व समुदाय से व्यापक समर्थन जुटाना चाहिए, ताकि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का पक्ष मजबूती से प्रस्तुत किया जा सके।
सिंह ने देश के भीतर छिपे जिहादी तत्वों को चिन्हित करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी आवश्यकता पर बल दिया। उनका मानना है कि आतंकी घटनाएं स्थानीय समर्थन के बिना संभव नहीं होतीं।
अपने वक्तव्य के अंत में विजय कुमार सिंह ने कहा कि भारत को अब अपनी संप्रभुता और नागरिकों के आत्मसम्मान की रक्षा के लिए निर्णायक, कड़ी और स्पष्ट कार्रवाई करनी चाहिए।