PM Award: जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को देश के सर्वोच्च प्रशासनिक सम्मान ‘प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार 2023’ से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उन्हें प्रशासनिक सेवा में उनकी विशिष्ट कार्यशैली, पारदर्शी व्यवस्था और जन-कल्याणकारी पहलों के लिए प्रदान किया जा रहा है।
इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान प्रदान करेंगे। यह सम्मान न केवल गुमला जिला प्रशासन की कार्यक्षमता को पहचान दिलाता है, बल्कि झारखंड राज्य के लिए भी गौरव का विषय है।
कर्ण सत्यार्थी ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आदिवासी क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में जिले में कई नवाचार हुए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिला है।
सिविल सेवा दिवस पर इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मान से जिले के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह की लहर है।