Peaceful Voting Event/जमशेदपुर: विश्वकर्मा समाज की आम सभा एवं केन्द्रीय कार्यकारिणी का चुनाव रविवार को गर्म एवं उमसभरे मौसम के बावजूद बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। मतदान प्रक्रिया सुबह 10:30 बजे शुरू होकर संध्या 5:00 बजे तक चली, जिसमें समाज के सत्यापित सदस्यों ने गुप्त मतदान द्वारा अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।
इस चुनाव में प्रदीप शर्मा ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर जितेन्द्र शर्मा और संजय शर्मा विजयी घोषित हुए। महामंत्री पद पर सुजीत शर्मा पुनः निर्विरोध चुने गए। सहायक महामंत्री पद पर राजकुमार शर्मा और राकेश शर्मा ने जीत दर्ज की।
वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए अजीत शर्मा भी निर्विरोध चुने गए।चुनाव संचालन की जिम्मेदारी मुख्य चुनाव पदाधिकारी बृजनंदन प्रसाद के नेतृत्व में चुनाव समिति ने कुशलता से निभाई। इस प्रक्रिया में बिरेंद्र शर्मा, शिवकुमार शर्मा, अरुण ठाकुर, उमा शंकर शर्मा, अशोक शर्मा समेत समिति के कई सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।
शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन एवं थाना द्वारा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई थी।मतगणना सभी प्रत्याशियों की उपस्थिति में पारदर्शी रूप से की गई तथा विजयी उम्मीदवारों को शपथ दिलाकर कार्यभार सौंपा गया। समाज में यह चुनाव एकता, लोकतंत्र और पारदर्शिता का प्रतीक बनकर सामने आया।