Pahalgam Attack/रांची: कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने इसे भारतीय इतिहास का “काला दिन” बताया।
रांची स्थित भाजपा कार्यालय के दीनदयाल सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि यह हमला केवल कश्मीर नहीं, पूरे देश की आत्मा पर प्रहार है।डॉ. बाजपेयी ने बताया कि केंद्र सरकार ने तत्काल कड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से संबंधित 14 श्रेणियों के वीजा को रद्द कर दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर अडिग है।कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस सर्वदलीय बैठक में एकता का दिखावा करती है, वहीं दूसरी ओर उसके नेता मीडिया में उलझन और भ्रम फैलाने वाले बयान दे रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस संवेदनशील मुद्दे पर दोहरी राजनीति कर रही है।इसके साथ ही उन्होंने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रांची के उपायुक्त ने भाजपा का ज्ञापन लेने से इनकार कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अपमान किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में पाकिस्तानियों को संरक्षण देने की कोशिशें की जा रही हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं।डॉ. बाजपेयी ने स्पष्ट किया कि भाजपा इस हमले को लेकर किसी भी तरह की राजनीति नहीं कर रही, बल्कि देश की सुरक्षा और एकता को सर्वोपरि मानती है।