मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को भी कई उड़ानें अपने तय समय से काफी देरी से उड़ीं। इसे लेकर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। इससे पहले बीते दिन मुंबई जाने वाले विमान को लेकर इंदौर के देवी अहिल्या एयरपोर्ट पर भी देर रात जमकर हंगामा हुआ था। दरअसल, इंडिगो की फ्लाइट 6E552 शनिवार रात 8.50 बजे इंदौर से मुंबई जाने वाली थी, लेकिन रात 12.10 बजे तक नहीं गई। इंडिगो स्टाफ ने भी यात्रियों को इसकी जानकारी पहले से नहीं दी। इस वजह से यात्री नाराज हो गए। जब यात्रियों ने पूछना शुरू किया तो फ्लाइट लेट होने के अलग-अलग कारण बताए गए। बाद में देर रात फ्लाइट को भेजा गया और यात्री 2.16 बजे मुंबई पहुंचे।
एयर इंडिया की कई फ्लाइट्स देरी से
मुंबई से दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की एआई856 अपने तय समय शाम तीन बजे से एक घंटे 51 मिनट की देरी से उड़ी। यह दिल्ली अपने तय समय शाम के साढ़े पांच बजे की बजाय सात बजकर 12 मिनट पर उतरी। ऐसे ही एयर इंडिया की एआई888 अपने तय समय से डेढ़ घंटे और एआई816 अपने तय समय से 15 मिनट की देरी से बताई गई।
दिल्ली आने वाली कई उड़ानों में देरी
एयरपोर्ट पर दिल्ली आने वाली कई उड़ानें घंटों देरी से संचालित हो रही हैं। इसे लेकर यात्रियों में काफी रोष ह है। एयर इंडिया, इंडिगो और विस्तारा जैसी एयरलाइंस के विमान भी देरी से उड़ रहे हैं। इसे लेकर यात्री क्रू से सवाल कर रहे हैं, लेकिन उन्हें संतोष जनक जवाब नहीं मिल रहा है। विमानों की सटीक जानकारी देने वाले स्काइस्कैनर के मुताबिक, दिल्ली आने वाली विस्तारा की यूके940 तय समय से 35 मिनट, इंडिगो की 6ई6049 तय समय से 40 मिनट और 6ई102 तय समय से दो घंटे 55 मिनट की देरी से उड़ रही हैं।