
मूलरूप से बिहार के भागलपुर की रहने वाली मॉडल ने रांची के यश मॉडलिंग कंपनी के संचालक तनवीर अख्तर खान उर्फ यश के खिलाफ दुष्कर्म, अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेलिंग, धर्मांतरण कर जबरन शादी का दबाव बनाने और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पहले मुंबई के वर्सोवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जिसे बाद में रांची के गोंदा थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। रांची एसएसपी किशोर कौशल ने कहा था कि हम जांच कर रहे हैं और सबूत मिलते ही आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खबर मिली थी कि पीड़िता ने रांची पुलिस को अपने आरोप के पक्ष में सबूत दिए हैं और कहा कि कुछ वीडियोज हैं जो वह रांची आकर देगी। पीड़िता फिलहाल मुंबई में है । गोंदा थाना पुलिस ने मुंबई जाकर ही पीड़िता का बयान दर्ज किया। पीड़िता ने आरोप के खिलाफ जान से मारने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है।
मॉडल पीड़िता पर जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाने और उसका यौन शोषण करने का आरोपी यश मॉडल संस्थान का संचालक तनवीर अख्तर खान नेपाल भाग गया है। आरोपी ने मोबाइल फोन भी बंद कर लिया है। वहीं पुलिस की टीम आरोपी के बिहार के शेरघाटी स्थित पैतृक गांव में दबिश दे रही है। उसके परिजनों से लगातार पूछताछ की जा रही है लेकिन, परिजन भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि परिवार के सदस्यों को तनवीर के बारे पूरी है, पर वे बता नहीं रहे हैं। बता दें कि पीड़िता ने तनवीर पर दुष्कर्म करने और धर्मांतरण कर जबरन विवाह करने के दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित युवती ने पुलिस को बयान दिया है कि वह आरोपी तनवीर की कंपनी में काम करती थी। इसी दौरान आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें खींचकर उसे ब्लैकमेल किया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।
अब नेपाल भाग चुके तनवीर अख्तर खान ने आरोपों को बेबुनियाद बताया था। तनवीर का कहना था कि पीड़िता उसकी कंपनी में सोशल मीडिया मैनेजर के तौर पर काम करती थी। उसने बिजनेस में काफी नुकसान करा दिया। हर्जाना मांगने पर ऐसे आरोप लगा रही है। तनवीर का कहना था कि पीड़िता अपने 2 दोस्तों के साथ मिलकर उसका डाटा चुराना चाहती थी। तनवीर ने यह भी कहा कि उसे केवल मुस्लिम होने की वजह से निशाना बनाया जा रहा है। तनवीर ने दावा किया कि उसने पीड़िता के परिवार को काफी पैसे दिए ।
पीड़िता ने अपनी लिखित शिकायत में कहा है कि उसने वर्ष 2020 में लॉकडाउन के बाद ग्रूमिंग क्लास के लिए रांची के यश मॉडल कंपनी में दाखिला लिया था। संचालक तनवीर अख्तर खान ने अपनी पहचान छुपाई और अपना नाम यश बताया। बकौल पीड़िता, 29 मार्च 2021 को होली वाले दिन तनवीर ने नशीली ड्रिंक पिलाकर उसकी अश्लील तस्वीरें खींची। 14 अप्रैल को ऑफिस में अश्लील तस्वीर वायरल करने की धमकी देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया फिर 15 अप्रैल को भी रेप किया। बाद में पीड़िता मुंबई चली गई लेकिन तनवीर ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा। वह मुंबई भी गया और पीड़िता क जान से मारने की कोशिश की। तनवीर ने पीड़िता की अश्लील तस्वीरें उसकी मां और भाई को भी भेज दी। पीड़िता का आरोप है कि तनवीर धर्मांतरण कर जबरन शादी करने का दबाव बनाता था। आखिरकार द केरला स्टोरी देखकर उसे शिकायत करने की हिम्मत मिली।