Seraikela News: सरायकेला में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है. रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में क्राइम मीटिंग हुई. इसमें जिले के पुलिस अधिकारियों को पूजा के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया गया.
पंडालों से लेकर सड़कों तक रहेगी निगरानी
बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक ने की. इसमें जिले के सभी एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारी शामिल हुए. एसपी ने अधिकारियों को दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा. पंडालों में सुरक्षा मजबूत करने, भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए.
गश्ती बढ़ाने और अफवाहों पर रोक लगाने का निर्देश
एसपी ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और पुलिस गश्ती बढ़ाने को कहा. साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को रोकने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया गया. बैठक में महिला सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया. पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो.


