Chatra Crime News: चतरा में 2.5 किलो अफीम और 4 लाख रुपये बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार

Chatra Crime News: पंजाब ले जाई जा रही 2.5 किलो अवैध अफीम के साथ लावालौंग पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान 4 लाख रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. यह कार्रवाई ग्राम हेडुम में की गई.

Facebook
X
WhatsApp
Chatra Crime News: चतरा में 2.5 किलो अफीम और 4 लाख रुपये बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार

Chatra Crime News: पंजाब ले जाई जा रही 2.5 किलो अवैध अफीम के साथ लावालौंग पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान 4 लाख रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. यह कार्रवाई ग्राम हेडुम में की गई. पुलिस के मुताबिक, मामले में एक आरोपी मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश जारी है.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस को 10 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि हेडुम गांव के मुनेश्वर कुमार यादव और दिनेश कुमार यादव अफीम की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. जानकारी यह भी मिली थी कि अफीम की खेप पंजाब ले जाने की तैयारी है. इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई. इसमें एसआई वाजिद अली, थाना के सशस्त्र बल और स्थानीय चौकीदार शामिल थे. टीम ने हेडुम गांव में हरदेव यादव के घर पर छापा मारा. यहां से चार लोगों को पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया.

मुख्य आरोपी के पास से मिली अफीम और नकदी
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मुनेश्वर कुमार यादव के पास से 2.5 किलो अफीम और 4 लाख रुपये नकद मिले. तलाशी में एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए. इस मामले में लावालौंग थाना कांड संख्या 74/26 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी 11 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(सी), 18(बी) और 27(ए) के तहत दर्ज की गई है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई है:
मुनेश्वर कुमार यादव (30) ग्राम हेडुम.
कमलेश कुमार यादव (19) ग्राम हेडुम.
पंकज कुमार (19) ग्राम हेडुम.
राकेश कुमार यादव (19) ग्राम गरहे टोला गेरुआडीह, थाना लावालौंग.

मुख्य आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक, मुनेश्वर कुमार यादव का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. वह हरियाणा के करनाल स्थित सिविल लाइन थाना कांड संख्या 47/25 में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है. यह मामला 26 नवंबर 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 18, 27ए और 29 के तहत दर्ज किया गया था. पुलिस ने चारों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, फरार आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है.

TAGS
digitalwithsandip.com