Ranchi News: रांची के खेलगांव के पास स्थित IIIT हॉस्टल में छात्र आदित्य की मौत के बाद विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है. हॉस्टल की व्यवस्था से नाराज छात्र धरने पर बैठ गए हैं. प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने संस्थान के निदेशक से इस्तीफे की मांग की है. विरोध के दौरान छात्रों ने खेलगांव-टाटीसिलवे मार्ग जाम कर दिया. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
निदेशक से बातचीत के दौरान बढ़ा तनाव
छात्रों को समझाने के लिए IIIT के निदेशक मौके पर पहुंचे. लेकिन उनसे बातचीत के दौरान छात्र उग्र हो गए. छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति ठीक नहीं है. उनका कहना है कि इस व्यवस्था की जिम्मेदारी निदेशक की है, इसलिए उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए.
मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात
हंगामे की सूचना मिलने के बाद सदर डीएसपी संजीव बेसरा मौके पर पहुंचे. खेलगांव थाना प्रभारी के साथ टाटीसिलवे, सदर और अन्य थानों के प्रभारी व पुलिस पदाधिकारी भी वहां मौजूद हैं. पुलिस की मौजूदगी में छात्रों को समझाने और स्थिति संभालने की कोशिश की जा रही है.
रात में कमरे के अंदर मृत मिला था आदित्य
इस पूरे मामले की शुरुआत रविवार रात हॉस्टल में छात्र आदित्य की मौत के बाद हुई. बिहार के पूर्णिया निवासी आदित्य के कमरे का दरवाजा रात करीब 11:30 बजे तक नहीं खुला था. इससे परेशान उसके दोस्तों ने दरवाजा तोड़ा. अंदर आदित्य मृत मिला. उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
आत्महत्या की आशंका, कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, आदित्य की परीक्षा चल रही थी. पेपर खराब होने के कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. वहीं, कुछ लोग दबी जुबान में प्रेम प्रसंग से जुड़ी आशंका भी जता रहे हैं. हालांकि, मौत की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. छात्र की मौत के बाद पहले से हॉस्टल की सुविधाओं को लेकर चल रही नाराजगी और बढ़ गई है.


