National Herald Case: भाजपा कार्यालय की ओर मार्च‚ बैरिकेडिंग से रोके गए कांग्रेसी

National Herald Case: नेशनल हेराल्ड से जुड़े यंग इंडियन मामले में कांग्रेस नेतृत्व को कोर्ट से राहत मिलने के बावजूद केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को जमशेदपुर में जिला कांग्रेस के आह्वान पर प्रदर्शन किया गया,

Facebook
X
WhatsApp

National Herald Case: नेशनल हेराल्ड से जुड़े यंग इंडियन मामले में कांग्रेस नेतृत्व को कोर्ट से राहत मिलने के बावजूद केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को जमशेदपुर में जिला कांग्रेस के आह्वान पर प्रदर्शन किया गया, जहां कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया।

कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा जिला कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले से ही सतर्कता बरतते हुए भाजपा कार्यालय से करीब 200 मीटर पहले बैरिकेडिंग कर दी। इसके कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इसके बावजूद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए और केंद्र सरकार व ईडी के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

लगभग एक घंटे तक कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के पास डटे रहे। इसी दौरान बैरिकेडिंग के उस पार बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पार्टी झंडा लेकर सड़क पर उतर आए। कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं के हाथों में लाठी-डंडा भी देखा गया, जिससे दोनों पक्षों के आमने-सामने आने पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से हालात बिगड़ने से बच गए।

इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय का इस्तेमाल राजनीतिक बदले की भावना से किया जा रहा है और विपक्षी नेताओं को डराने का प्रयास हो रहा है। परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस न्याय और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर है और यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला भ्रष्टाचार से जुड़ा है और कांग्रेस इसे राजनीतिक रंग देकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और भाजपा कानून के शासन में विश्वास रखती है। करीब एक घंटे बाद प्रशासन के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों को शांत कराया गया, जिसके बाद इलाके में स्थिति सामान्य हो गई।

TAGS
digitalwithsandip.com