Army Job Fraud: सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से पैसे वसूलने के आरोप में तरुण दास को गिरफ्तार किया गया है. वह पश्चिम बंगाल के सागरडेगी का रहने वाला है. आरोप है कि वह खुद को सेना का बड़ा अधिकारी बताकर बेरोजगार युवाओं को अपने जाल में फंसाता था. गिरफ्तारी के बाद उसके पास से सेना की वर्दी, फर्जी दस्तावेज और कई संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं.
वर्दी पहनकर खुद को बताता था सैन्य अधिकारी
जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, तरुण दास खुद को पैरा कमांडो का कर्नल और मिलिट्री इंटेलिजेंस (MI) का लेफ्टिनेंट कर्नल बताता था. वह सेना की वर्दी पहनकर लोगों के बीच जाता था. इससे युवाओं को उस पर भरोसा हो जाता था और वह नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे पैसे लेने का कथित तौर पर काम करता था.
फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर भी ठगी का आरोप
बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक युवक को सेना में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दिया था. जब युवक उस पत्र को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचा, तो उसे ठगी का पता चला. इसके बाद मामले की जानकारी सामने आई और आरोपी की तलाश शुरू हुई..
मुर्शिदाबाद के चेकपोस्ट पर पकड़ा गया
सूत्रों के अनुसार, कोलकाता आर्मी इंटेलिजेंस की टीम कई दिनों से तरुण दास की गतिविधियों पर नजर रख रही थी. आर्मी इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की. मुर्शिदाबाद के एक चेकपोस्ट पर जांच के दौरान उसे पकड़ लिया गया. इस कार्रवाई में कोलकाता आर्मी इंटेलिजेंस की अहम भूमिका बताई जा रही है. गिरफ्तारी में कोलकाता पुलिस ने भी सहयोग किया.
वॉकी-टॉकी और फर्जी दस्तावेज बरामद
आरोपी के पास से एक कार, वॉकी-टॉकी, युवाओं की मार्कशीट, फर्जी पहचान पत्र, सेना से जुड़े नकली दस्तावेज और फर्जी सील-मुहर बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है. सोने के गहने और अन्य संदिग्ध सामान भी मिलने की बात कही गई है. जांच एजेंसियां बरामद सामग्री की पड़ताल कर रही हैं. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन दस्तावेजों और सामान का इस्तेमाल कैसे किया जाता था.
कितने युवाओं को बनाया शिकार, जांच जारी
अब जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि तरुण दास कब से इस तरीके से लोगों को ठग रहा था. उसके संपर्क में रहे लोगों और संभावित पीड़ितों की भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर उसने कितने युवाओं से पैसे लिए और फर्जी दस्तावेज कहां तैयार कराए गए. मामले में दूसरे लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.


