Jharkhand: पूर्व शिक्षा मंत्री स्व जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी झारखंड सरकार में मंत्री बन गई हैं। सोमवार को उन्होंने राजभवन में मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बेबी देवी को बधाई दी। देर शाम उन्हें उत्पाद विभाग का जिम्मा सौंपा गया। शपथ के बाद बेबी देवी ने कहा कि वे पति स्व जगरनाथ महतो के अधूरे सपने को पूरा करेंगी। सरकार और पार्टी में जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसका वह निर्वहन करेंगी। शपथ ग्रहण समारोह में सांसद महुआ माजी, मंत्री बन्ना गुप्ता, चंपई सोरेन, जोबा मांझी, सत्यानंद भोक्ता आदि मौजूद थे। इससे पहले एक स्थानीय न्यूज पोर्टल से बातचीत में भी बेबी देवी ने कहा था कि वह अपने पति स्वर्गीय जगरनाथ महतो के अधूरे कार्यों को पूरा करेंगी। उन्होंने उपचुनाव के मुद्दों पर कहा कि मेरे पति ने मंत्री रहते जो काम किया वही जनता को बताउंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं हमेशा जनता के बीच ही रहती हूं। गौरतलब है कि जगरनाथ महतो का निधन 6 अप्रैल 2023 को लंबी बीमारी के बाद हो गया था।
शिक्षा विभाग मुख्यमंत्री के पास रहेगा। बेबी देवी सरकार में दूसरी महिला मंत्री हैं। इनसे पहले जोबा मांझी महिला मंत्री के रूप में शामिल हैं। गौरतलब है कि मौजूदा हेमंत कैबिनेट में यह दूसरी बार है जबकि कोई बिना विधायक बने मंत्री बना हो। इससे पहले हफीजुल हसन अंसारी ने विधायक बनने से पहले मंत्रिपद की शपथ ली थी। बाद में मधुपुर उपचुनाव जीतकर विधायक बने। उम्मीद लगाई जा रही थी कि बेबी देवी को उनके स्वर्गीय पति द्वारा संभाला गया स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्रालय ही दिया जाएगा। जगरनाथ महतो के पास मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग का भी जिम्मा था। हालांकि, मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग अपने पास ही बनाए रखा है। बेबी देवी को उत्पाद विभाग का जिम्मा दिया गया है। अब अगले कुछ महीनो में डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होगा।
झारखंड समाचार पर नवीनतम अद्यतन झारखंड समाचार पोर्टल, TheSocialBharat.com के माध्यम से प्राप्त करें। झारखंड के विकास पर निरंतर समाचार कवरेज और समय पर अपडेट के साथ सूचित रहें। जमशेदपुर की ताजा खबरों से अपडेट रहें और हमारे प्लेटफॉर्म पर व्यापक समाचार कवरेज तक पहुंचें। जमशेदपुर न्यूज़ अपडेट्स के साथ जुड़े रहें और इस क्षेत्र से नवीनतम अपडेट प्राप्त करने से कभी न चूकें।