झारखंड में भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को अब राहत मिलने लगी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की धाराएं शुक्रवार को झारखंड के उत्तरी जिलों में पहुंच गईं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची कार्यालय ने शुक्रवार शाम को औपचारिक रूप से घोषणा की थी कि दक्षिण-पश्चिम मानसून धाराएं संथाल परगना के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर चुकी हैं।
24 जून को इन जिलों में जमकर होगी बारिश
वहीं अब इस मानसून ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है जिससे कई जिलों में भारी बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार 24 जून को राज्य के उत्तर-पूर्वी भाग जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा की संभावना है।
25 जून को भी इन जिलों में जमकर होगी मूसलाधार बारिश
वहीं 25 जून को उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों रांची समेत रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। लोगों से सावधान रहने के लिए कहा गया है।