Jamshedpur News: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पारडीह चौक के पास खड़े एक ट्रक में चालक मृत मिला. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतक की पहचान तमिलनाडु के राजीव गांधी स्ट्रीट इंडस्ट्रियल कॉलोनी निवासी मरियप्पन एम (46) के रूप में हुई है. वह ट्रक नंबर TN 52 AC 5655 चलाता था.
तेल खत्म होने पर पारडीह चौक के पास रोका था ट्रक
जानकारी के अनुसार, मरियप्पन शनिवार रात आदित्यपुर में माल खाली करने के बाद ट्रक लेकर बालीगुमा स्थित अपने कार्यालय जा रहा था. रास्ते में पारडीह चौक के पास ट्रक का तेल खत्म हो गया. इसके बाद उसने ट्रक को वहीं खड़ा कर दिया. बताया जाता है कि रात में खाना खाने के बाद वह वाहन के अंदर ही सो गया था.
सुबह खलासी ने देखा अचेत
रविवार सुबह खलासी ने मरियप्पन को ट्रक में अचेत अवस्था में देखा. उसने तुरंत इसकी जानकारी कार्यालय को दी. सूचना मिलने पर कार्यालय के लोग मौके पर पहुंचे और मानगो थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी कार्रवाई शुरू की.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. परिजनों के जमशेदपुर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. फिलहाल मरियप्पन की मौत कैसे हुई, इसका पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.


