Jamshedpur Weather: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने झारखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें राज्य भर में तेज बारिश, वज्रपात, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण भारी नमी राज्य की ओर बढ़ रही है, जिससे पूरे प्रदेश में मौसमी गतिविधियों में तीव्रता देखी जा रही है।
तेज बारिश और तूफान की संभावना
मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान पेड़, बिजली के खंभे और अन्य संरचनाओं के गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सावधानी बरतें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
तापमान में भारी गिरावट
राज्य में जारी गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है, क्योंकि अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। जहां बीते कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास था, वहीं आज यह गिरकर 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
राज्य के विभिन्न जिलों में संभावित अधिकतम और न्यूनतम तापमान इस प्रकार हो सकता है:
- देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज : अधिकतम 34°C, न्यूनतम 23°C
- कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू : अधिकतम 35°C, न्यूनतम 23°C
- बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला : अधिकतम 34°C, न्यूनतम 22°C
- पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा : अधिकतम 35°C, न्यूनतम 24°C
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे तेज आंधी-तूफान के समय खुले में न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।