Governor Jharkhand/रांची : झारखंड के राजभवन में गुरुवार को गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दोनों राज्यों को बधाई देते हुए कहा कि भारत को विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में गुजरात और महाराष्ट्र का सबसे बड़ा योगदान रहा है।
राज्यपाल गंगवार ने कहा कि इन दोनों राज्यों ने औद्योगिक विकास, निवेश, व्यापार और नवाचार के क्षेत्रों में जो प्रगति की है, उसने भारत की आर्थिक ताकत को नई ऊंचाई दी है। उन्होंने यह भी कहा कि देश की समृद्धि की यात्रा में गुजरात और महाराष्ट्र ने मार्गदर्शक की भूमिका निभाई है, और इनके अनुभवों से अन्य राज्यों को भी सीख लेनी चाहिए।
इस कार्यक्रम में झारखंड के कई वरिष्ठ अधिकारी, सांस्कृतिक संगठन और प्रवासी समुदाय के सदस्य भी उपस्थित थे। समारोह में दोनों राज्यों की संस्कृति को दर्शाने वाली प्रस्तुतियों ने सबका मन मोहा।