FIR Lodged: जमशेदपुर के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर बने रेलवे ओवरब्रिज के समीप शनिवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसके भाई समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान पिताझुड़ी गांव निवासी 24 वर्षीय गौरव मुर्मू के रूप में की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरव अपने भाई रंजित मुर्मू और मित्र सुरेन के साथ देवशोल गांव स्थित अपने बहनोई के घर जा रहा था। तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे।
जैसे ही वे ओवरब्रिज के पास पहुंचे, एक अनियंत्रित और तेज गति से आ रहा अज्ञात वाहन उन्हें जोरदार टक्कर मारकर भाग गया।दुर्घटना के बाद तीनों युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे। राहगीरों की सहायता से उन्हें घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गौरव को गंभीर स्थिति में एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया।
दुर्भाग्यवश, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।गौरव एक ठेका मजदूर था, उसकी शादी हो चुकी थी और एक छोटा बच्चा भी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां शोक का माहौल छा गया।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।