Adityapur Crime News: आदित्यपुर ज्वेलर्स लूटकांड में तीन साल बाद गिरफ्तारी, वैशाली से पकड़ा गया फरार आरोपी

Adityapur Crime News: आदित्यपुर के चर्चित ईश्वर लाल ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करीब तीन साल से फरार चल रहे आरोपी सुरेश राय उर्फ नायडू यादव को बिहार के वैशाली से गिरफ्तार किया गया है. सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गयारी ने आदित्यपुर थाने में प्रेस वार्ता

Facebook
X
WhatsApp
Adityapur Crime News: आदित्यपुर ज्वेलर्स लूटकांड में तीन साल बाद गिरफ्तारी, वैशाली से पकड़ा गया फरार आरोपी

Adityapur Crime News: आदित्यपुर के चर्चित ईश्वर लाल ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करीब तीन साल से फरार चल रहे आरोपी सुरेश राय उर्फ नायडू यादव को बिहार के वैशाली से गिरफ्तार किया गया है. सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गयारी ने आदित्यपुर थाने में प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पुराने मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को भी बख्शा नहीं जाएगा.

30 लाख का सोना लूटने का आरोप
यह घटना 6 अगस्त 2023 की है. उस दिन सुबह करीब 10:30 बजे आदित्यपुर के लाल बिल्डिंग स्थित ईश्वर लाल ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने लूटपाट की थी. आरोपियों पर करीब 30 लाख रुपये मूल्य का 545 ग्राम सोना लूटने का आरोप है. इस मामले में आदित्यपुर थाने में कांड संख्या 243/2023 दर्ज किया गया था. पुलिस पहले ही रूपेश झा उर्फ गोलू झा, अनुज कुमार झा, आशीष कुमार सिंह और पिंटू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी. इनके पास से हथियार और लूट का सामान बरामद किया गया था. हालांकि, सुरेश राय गिरफ्तारी से बच रहा था.

पटना, मुंबई और दिल्ली में बदलता रहा ठिकाना
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था. वह पटना, मुंबई और दिल्ली में छिपकर रह रहा था. पिछले चार से पांच महीनों से पुलिस उस पर नजर रख रही थी. गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को उसके वैशाली में होने की जानकारी मिली. इसके बाद टीम ने बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 26 वर्ष बताई गई है. वह कंचनपुर का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, उसका नाम सुरेश राय उर्फ नायडू यादव, सुरेश और लेदु के रूप में भी सामने आया है.

पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले से अवैध शराब, मारपीट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है. पूछताछ में उसने ज्वेलर्स लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. गिरफ्तारी के लिए बनी टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, पुअनि असलम अंसारी, सपुअनि धर्मराज कुमार और आरक्षी दीपक कुमार दास शामिल थे.

पुराने मामलों के आरोपियों पर भी होगी कार्रवाई
एसपी मनोज स्वर्गयारी ने कहा कि पुराने मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वांछित अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और मामलों को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.

TAGS
digitalwithsandip.com