BJP Foundation Day 2025/ जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर आज जमशेदपुर महानगर कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री सुधांशु ओझा ने पार्टी का ध्वज फहराया और संगठन के इतिहास, मूल्यों एवं योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके पश्चात डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में राष्ट्रसेवा, संगठन और अंत्योदय के मूल मंत्र को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।जिला अध्यक्ष श्री सुधांशु ओझा ने अपने संबोधन में कहा, “यह स्थापना दिवस न केवल एक पर्व है, बल्कि हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है।
भाजपा कार्यकर्ता के रूप में हमारा कर्तव्य है कि हम अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाएं और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
हमें पार्टी की विचारधारा को न केवल आत्मसात करना है, बल्कि समाज के बीच ले जाकर जनकल्याण के कार्यों को गति भी देनी है।”कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाते हुए राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करते रहेंगे।