Jamshedpur News: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल परिसर में बाइक चोरी की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है. मंगलवार सुबह पार्किंग से एक बाइक चोरी होने के बाद होमगार्ड जवानों ने दोपहिया वाहनों की जांच शुरू की. जांच के दौरान पार्किंग में खड़े सात वाहन बिना लॉक के मिले. सुरक्षा के लिहाज से इन वाहनों को जब्त कर लिया गया. इसकी जानकारी एमजीएम थाना पुलिस को भी दी गई.
चोरी हुई बाइक में भी नहीं लगा था लॉक
बताया गया कि जिस बाइक की चोरी हुई, उसमें भी लॉक नहीं लगा था. जांच के बाद पुलिस ने वाहन मालिकों को लापरवाही को लेकर फटकार लगाई. सुरक्षाकर्मियों ने लोगों से वाहन पार्क करने के बाद लॉक जरूर लगाने की अपील की.
चाबी बाइक में छोड़ना पड़ सकता है भारी
एमजीएम अस्पताल की पार्किंग में वाहन खड़ा करने की कोई फीस नहीं लगती है. यहां तैनात सुरक्षाकर्मी लगातार लोगों को बाइक लॉक करने की सलाह देते हैं. इसके बावजूद कई लोग जल्दबाजी में वाहन बिना लॉक किए ही चले जाते हैं. कुछ मामलों में लोग बाइक की चाबी भी वाहन में ही छोड़ देते हैं. ऐसी लापरवाही का फायदा चोर उठा सकते हैं.
पहले भी हो चुकी है कई बाइक की चोरी
एमजीएम अस्पताल परिसर से पहले भी कई दोपहिया वाहन चोरी हो चुके हैं. इन मामलों में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है. पुलिस ने कुछ चोरी हुए वाहनों को बरामद भी किया है. लगातार हो रही चोरी को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों ने वाहन मालिकों से सावधानी बरतने की अपील की है. वाहन पार्क करने के बाद लॉक ठीक से लगा है या नहीं, इसकी जांच जरूर करें और बाइक की चाबी अपने साथ रखें.


