Jamshedpur News: जमशेदपुर के साकची गुरुद्वारा बस्ती के ए जोन में पिछले एक महीने से जलभराव की समस्या बनी हुई है. तीन ड्रेनेज होल से गंदा पानी निकलकर सड़क पर बह रहा है. इस वजह से 25 से ज्यादा परिवार परेशान हैं. सड़क पर गंदा पानी और बदबू के कारण लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है.
गंदे पानी से बीमारी का खतरा
बुधवार को स्थानीय लोगों ने बैठक कर समस्या को लेकर नाराजगी जताई. लोगों का कहना है कि गंदे पानी और तेज बदबू से बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं. इलाके में हाल के दिनों में कई लोगों के डेंगू से पीड़ित होने की बात भी सामने आई है. बरसात के समय स्थिति और खराब हो जाती है. लोगों के मुताबिक, बारिश के दौरान सीवरेज का पानी घरों में घुस जाता है.
JNAC और JUSCO पर जिम्मेदारी टालने का आरोप
स्थानीय निवासी हरविंदर सिंह और जगतार सिंह ने बताया कि समस्या की शिकायत लेकर JNAC जाने पर उन्हें JUSCO की जिम्मेदारी बताई जाती है. वहीं, JUSCO की ओर से इसे JNAC का मामला बताया जाता है. लोगों का आरोप है कि दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं. न्यू कालीमाटी रोड पर काशीडीह मोड़ के पास होटल नील कमल के बगल में रहने वाले लोगों का कहना है कि यहां रहना मुश्किल हो गया है.
कई बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं
सरबजीत सिंह टॉबी और सुशील बंसल ने बताया कि जिला प्रशासन के साथ दोनों विभागों से कई बार शिकायत की जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है. स्थानीय लोगों ने सरकार और जिला प्रशासन से मौके का जल्द निरीक्षण कराने की मांग की है.
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
लोगों ने ड्रेनेज की समस्या का स्थायी समाधान जल्द कराने की मांग की है. स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे.


