Woman Murdered Jamshedpur:जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नामदा बस्ती से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह वारदात बीती रात की बताई जा रही है, जिसके बाद शनिवार सुबह इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मृतका की पहचान मनीषा कौर के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है।
9 साल पहले किया था प्रेम विवाह‚ दो बच्चे भी हैं
परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मनीषा ने करीब 9 साल पहले सागर नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो छोटे बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात किसी समय उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई।

घटना के बाद से पति फरार‚ शक की सुई उसी पर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात के बाद से मनीषा का पति सागर फरार है। इससे संदेह और गहरा गया है कि हत्या के तार उसी से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और कॉल रिकॉर्ड, आसपास के CCTV फुटेज, तथा पारिवारिक पृष्ठभूमि की गहन जांच कर रही है।

इलाके में तनाव‚ पुलिस ने बढ़ाई चौकसी
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मनीषा के घर के पास जुट गए। पुलिस ने मौके पर भीड़ को नियंत्रित किया और घटनास्थल को सील कर दिया।
गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है और सभी कोणों से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है।