Weather Alert:झारखंड में भीषण गर्मी से जूझ रही जनता को जल्द ही राहत मिल सकती है। सागर क्षेत्र में बने चक्रवातीय दबाव के चलते राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के मुताबिक, ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है।
इसके साथ ही कई इलाकों में ओलावृष्टि और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है। वहीं, येलो अलर्ट वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का पूर्वानुमान जताया गया है।राज्य के रांची, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग और चतरा जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।
वहीं, गढ़वा, पलामू, गिरिडीह, जमशेदपुर और लोहरदगा सहित अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है।मौसम विभाग ने जनता को सलाह दी है कि वे इस दौरान खुले मैदानों में न रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे फसलों की सुरक्षा के उपाय करें, क्योंकि ओलावृष्टि से फसलें प्रभावित हो सकती हैं।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 48 घंटों में झारखंड के मौसम में और तेजी से बदलाव हो सकता है।
तापमान में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।